गुमला। जिले के जारी थाना क्षेत्र के परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के बेटे विंसेंट एक्का का ट्रैक्टर कंपनी ने वापस ले लिया है। 9.25 लाख रुपये का यह ट्रैक्टर 50% सरकारी अनुदान पर था। बाकी 50% विंसेंट को देना था, जो वे चुका नहीं पाए। कृषि अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी ने इसे वापस लिया। विंसेंट ने अधिकारियों पर बदसलूकी का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि उनके हिस्से की राशि सरकार को देनी थी, पर उन्हें नहीं मिली।
दरअसल, विंसेंट ने मुख्यमंत्री से ट्रैक्टर मांगा था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुमला उपायुक्त ने 23 दिसंबर 2024 को विंसेंट को जारी गांव में यह ट्रैक्टर सौंपा था। कंपनी प्रतिनिधि दीपक अग्रवाल ने बताया कि विंसेंट ने अपनी हिस्सेदारी देने से मना किया था। उपायुक्त ने यह राशि उपायुक्त फंड से देने को कहा था, पर भुगतान नहीं मिला। भूमि संरक्षण अधिकारी राम प्रकाश कुमार ने भी बताया कि विंसेंट को अपनी 50% राशि जमा करनी थी, जो नहीं हुई।
भूमि संरक्षण पदाधिकारी राम प्रकाश कुमार ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता शहीद अलबर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का को कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। योजना के अनुसार, कुल लागत की 50 प्रतिशत राशि लाभुक को देनी थी।
उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से लाभुक से उनकी हिस्सेदारी की राशि जमा करने का आग्रह किया जाता रहा, लेकिन राशि जमा नहीं हो सकी। इसी वजह से फिलहाल ट्रैक्टर वापस लिया गया है। राम प्रकाश कुमार के अनुसार, लाभार्थी द्वारा तय हिस्से की राशि जमा करने के बाद ट्रैक्टर वापस किया जा सकता है।