रांची। आज धनतेरस के मौके पर राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड के बाजारों में आज धन-धनाधन होने की उम्मीद है। दीपावली से पहले खरीदारी के इस सबसे बड़े अवसर को लेकर बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार है। महंगाई के बावजूद ग्राहकों का उत्साह इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक नजर आ रहा है। सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दोपहिया-चारपहिया वाहनों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। कारोबारियों को उम्मीद है कि इस धनतेरस पर झारखंड में करीब 1000 करोड़ रुपये का कारोबार होगा।
धनतेरस कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। यही वजह है कि लोग कई दिन पहले से ही अपनी पसंद के सामान की बुकिंग कराने में जुटे हैं। इस बार जीएसटी में कमी का लाभ आॅटोमोबाइल सेक्टर को मिल रहा है। वाहन कंपनियों की ओर से आकर्षक छूट और विशेष आॅफर दिए जा रहे हैं, जिससे ग्राहक खरीदारी के लिए अधिक उत्साहित हैं।
धनतेरस को लेकर रांची के प्रमुख बाजारों में दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। बर्तन बाजार से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, आभूषण और वाहन शोरूम तक ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष तैयारी की गई है। पीतल के बर्तन, सोने-चांदी के सिक्के और पारंपरिक पूजा सामग्री की भी मांग बनी हुई है। पिछले साल की तुलना में इस बार बाजार में अधिक रौनक दिखाई दे रही है। कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस पर ग्राहकों की खरीदारी से दीपावली के कारोबार को भी मजबूती मिलेगी। बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस खुशियों के साथ कारोबार के लिहाज से भी शानदार साबित होगा।
इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ी मांग
इस धनतेरस पर रांची के बाजारों में इलेक्ट्रिक वाहनों का क्रेज भी देखने को मिल रहा है। इलेक्ट्रिक स्कूटी, मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों की मांग बढ़ी है। कंपनियों ने ग्राहकों की जरूरत और बजट के अनुसार विभिन्न रेंज में इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए हैं।
स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों से लेकर हाई-स्पीड बाइक पसंद करने वाले युवाओं तक के लिए बाजार में कई विकल्प मौजूद हैं। कई ग्राहकों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर वाहन घर लाने के लिए पहले ही बुकिंग करा ली है।
सोने-चांदी की चमक से दमक रहा सर्राफा बाजार
धनतेरस पर सर्राफा बाजार को लेकर कारोबारियों में खासा उत्साह है। सोने की कीमतों में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी के बावजूद ग्राहकों के बीच इसकी मांग बनी हुई है। चांदी की कीमतों में भी इजाफा हुआ है, लेकिन शुभ अवसर पर खरीदारी करने की परंपरा लोगों को बाजार तक खींच रही है।
आभूषण विक्रेताओं के अनुसार, इस बार सोने की मांग पिछले साल की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक रहने की उम्मीद है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों में आकर्षक डिजाइन के सोने-चांदी के आभूषण सजाए गए हैं। वहीं, चांदी के लक्ष्मी-गणेश, सिक्के और अन्य पूजा सामग्री की भी अच्छी मांग है।
कारोबारियों का अनुमान है कि इस साल धनतेरस पर पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक कारोबार हो सकता है। बाजार में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही और खरीदारी के प्रति उत्साह को देखते हुए सरार्फा व्यवसायियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
