बोकारो। झारखंड के बोकारो में कोयले के ढेर धंसने से सात लोग उसकी चपेट में आ गए। जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसा बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला अवैध माइनिंग से जुड़ा है। स्टॉकयार्ड में रिजेक्ट किया हुआ कोयला था। स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए यही रिजेक्ट कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से कोयले का ढेर धंस गया, जिसकी चपेट में 6 महिलाएं और एक पुरुष आ गए। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, सभी घायलों को कोयले के ढेर से निकाला गया और आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी के रूप में हुई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में तीनों शवों के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली। जिसके बाद कथारा ओपी और बोकारो थर्मल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दाह संस्कार की प्रक्रिया पर रोक लगा दी। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
बताया जा रहा है कि सभी लोग स्थानीय ग्रामीण थे और घरेलू उपयोग के लिए कोयला चुनने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले को लेकर डीएसपी रविंद्र सिंह ने कहा कि कोयला चुनने के दौरान मलबा गिरने या चाल धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।