ये सिर्फ पुरस्कार नहीं, आपकी प्रतिभा और उत्साह का परिणाम हैं


रांची। झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए झारखंड पुलिस समेत आयोजन से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार सिर्फ पुरस्कार नहीं हैं, बल्कि उनके अंदर छिपी प्रतिभा और उत्साह का परिणाम हैं।
29 टीमों के 432 खिलाड़ियों ने दिखाया दम : 22 से 26 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों की 29 टीमों के 432 खिलाड़ियों ने भाग लिया।रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड में कुल 37 स्पधार्ओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 अक्टूबर को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया था। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कई राज्यों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और पुलिस बलों के बीच आपसी समन्वय तथा खेल भावना को भी मजबूती मिलती है। प्रतियोगिता के दौरान 24 अक्टूबर को रिकर्व, इंडियन राउंड और कंपाउंड मिक्स टीम स्पधार्ओं की प्रथम पाली के परिणाम घोषित किए गए थे। इन मुकाबलों में तीनों श्रेणियों में अलग-अलग पुलिस बलों की जोड़ियों ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।
पुलिस विभाग के सदस्यों को भी दिया धन्यवाद : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतियोगिता को बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए पुलिस विभाग के सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से मिले पुरस्कारों को उनकी मेहनत, प्रतिभा और उत्साह का परिणाम बताया। पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने तीरंदाजी की विभिन्न विधाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री का संदेश खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और पुलिस बलों के बीच खेल भावना को मजबूत करने पर केंद्रित रहा।

झारखंड से शुरू हुआ था सफर तीसरी बार मिली मेजबानी : सीएम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि झारखंड को तीसरी बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर मिला है। इससे पहले वर्ष 2013 और 2016 में भी झारखंड इस प्रतियोगिता का आयोजन कर चुका है। सीएम ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ेगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग के सदस्य देशभर में अलग-अलग मोर्चों पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।राज्य और देश के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।