जमशेदपुर: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन से अब राजस्थान की राजधानी जयपुर तक रेल कनेक्टिविटी का नया मार्ग खुल गया है। सोमवार को टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया, जिसमें जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे, जबकि रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी भी मौजूद थे।
श्रद्धालुओं के लिए नई सुविधाएं
नई ट्रेन सेवा की शुरुआत से झारखंड के यात्रियों को राजस्थान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख शहरों तक सीधी रेल यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से जयपुर और खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन सहूलियत प्रदान करेगी। इसके अलावा, यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर और आगरा जाने वाले यात्रियों के लिए भी लाभकारी साबित होगी।
ट्रेन का समय सारणी
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस रात 10:50 बजे टाटानगर स्टेशन पर पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस दोपहर 3:05 बजे टाटानगर पहुंचेगी और 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन कुल 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
