जमशेदपुर: एनएच-18 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने रांची निवासी 26 वर्षीय विवेक महाली की जिंदगी छीन ली। रविवार सुबह नरसिंहगढ़ स्थित गजानन फेरो फैक्ट्री के पास खड़े ट्रक में विवेक की बाइक टकरा गई। इस भीषण टक्कर में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी शिव शंकर महाली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हेलमेट पहनने के बावजूद हुई मौत
हादसा इतना भयानक था कि विवेक का हेलमेट फट गया। ट्रक का हिस्सा उसके सिर में धंसने से उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, शिव शंकर को गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर सवार अमरिंदर महाली और राहुल उरांव इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गए।
सड़क पर खड़े भारी वाहनों का खतरा
यह हादसा एक बार फिर एनएच-18 पर भारी वाहनों की पार्किंग और सड़क सुरक्षा की व्यवस्था पर सवाल उठाता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गजानन फेरो फैक्ट्री से महतो होटल तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे भारी वाहन अक्सर खड़े रहते हैं। पार्किंग की कमी के कारण चालक सड़क को ही पार्किंग स्थल बना लेते हैं। आरोप है कि खड़े या खराब वाहनों के पीछे न तो रिफ्लेक्टर लगाए जाते हैं और न ही चेतावनी संकेतक या सुरक्षा घेराबंदी की व्यवस्था होती है।
