साहिबगंज: तीन बेटियों ने कबड्डी में झारखंड का मान बढ़ाया
साहिबगंज जिले की तीन होनहार बेटियों ने 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप (बालिका वर्ग) में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए साहिबगंज का मान बढ़ाया है। प्रीति कुमारी, दिव्या कुमारी और चांदनी कुमारी रविवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन से पंजाब के लिए रवाना हुईं। यह प्रतियोगिता 26 से 29 नवंबर 2026 तक फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी।
इन तीनों खिलाड़ियों का चयन उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है, जिससे जिले के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है।
शुभकामनाओं के साथ विदाई
खिलाड़ियों की विदाई समारोह में उपायुक्त, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, प्रो. डॉ. रंजीत कुमार सिंह, डीआरडीओ के वैज्ञानिक राजू यादव, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू, सचिव वीरेंद्र कुमार, खेल शिक्षक आदित्य कुमार, एनआईएस कबड्डी कोच लालू कुमार यादव और खेल प्रेमी हीरालाल यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
सभी उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये बेटियाँ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर साहिबगंज और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
