गांडीव रिपोर्टर,

गढ़वा। आज शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-1 दीपश्री द्वारा गढ़वा शहर स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जाँच अभियान चलाया गया। इस दौरान चौधराना बाजार स्थित प्रकाश इंटरप्राइजेज के गोदाम का निरिक्षण किया गया, जहाँ से 35 किलो नकली/सिंथेटिक पनीर पाया गया, जिसे तत्काल जब्त करते हुए नष्ट करा दिया गया। साथ ही अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० आर.एस. सिंह के द्वारा उक्त प्रतिष्ठान पर ₹50000 रुपए का जुर्माना किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी एवं जांच हेतु विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों का सैंपल लिया जायेगा।

इसी क्रम मे रंका मोड़ स्थित प्रकाश स्वीट, बसंती मिठाई एवं नमकीन, सूर्योदय शॉपी, फ़ास्ट फ़ूड कार्नर में रखे पनीर की जांच की गई। साथ ही मेन रोड स्थित माँ वैष्णो स्वीट्स, काजू स्वीट्स, जायसवाल स्वीट्स, राज लक्ष्मी स्वीट्स, बनारसी स्वीट्स आदि का भी जाँच किया गया, जहां उक्त खाद्य प्रतिष्ठानों में प्राथमिक जाँच में खाद्य सामग्री मानक के अनुरूप पाए गयें।

पूरे निरीक्षण कार्य के दौरान खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया कि बिना खाद्य लाइसेंस के कारोबार नहीं करें और जिनके पास खाद्य लाइसेंस हैं वो अपने प्रतिष्ठान में रखना सुनिश्चित करें। साथ ही खाद्य सामग्रियों के उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करें। अपने प्रतिष्ठान में साफ सफाई का समुचित ध्यान रखें। FSSAI द्वारा प्रतिबंधित खाद्य सामग्रीयों की बिक्री ना करें एवं खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानकों के अनुरूप ही खाद्य व्यवसाय का संचालन करें, अन्यथा अगले निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं पाए जाने एवं नियमों के अनुरूप कार्य नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस निरीक्षण में पुलिस प्रशासन से ASI दसरथ टोप्पो, आरक्षी विवेकानंद के अलावे खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार आदि उपस्थित थें।