रांची। राजधानी रांची में डकैती की बड़ी वारदात हुई है। कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड इलाके में हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग में कार्यरत रामाशंकर प्रसाद के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार की अहले सुबह हुई इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। अपराधियों ने घर से कीमती गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कुल पांच अपराधी रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान में घुसे थे और हथियार के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम किया। घर में लूटपाट मचाने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार अपराधी एक कार से कृषि पदाधिकारी के घर पहुंचे और आते ही पूरे परिवार को गन पॉइंट पर ले लिया और घर में रखे नगद 10 लाख सहित लाखों के गहने लूट लिए।

घटना की सूचना मिलने पर कांके थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और घर के सदस्यों से पूछताछ कर अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जांच कर रही है। मौके पर स्वान दस्ते को भी लगाया गया है। हालांकि डकैती को लेकर फिलहाल पीड़ित परिवार कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

ग्रामीण एसपी ने दी जानकारी
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि आधा दर्जन के करीब अपराधियों के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। गृह स्वामी के द्वारा फिलहाल 10 लाख रुपये नगद लूट की बात बताई गई है। गहने कितने के गए हैं इसकी जानकारी अभी उन्होंने नहीं दी है।

पेट्रोल पंप पर फायरिंग के बाद दूसरी बड़ी वारदात
कांके थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लगातार दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। रविवार रात रिंग रोड इलाके में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के बाहर बाइक सवार अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की थी। घटनास्थल से खोखा भी बरामद हुआ था। उक्त मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है, लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं मिल पाया है। इसी बीच कृषि विभाग के अधिकारी के घर डकैती की घटना सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है।