धनबाद। आईआईटी-आईएसएम धनबाद के फाइनल ईयर के एक छात्र की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह की है। घटना के बाद संस्थान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है। मृत छात्र की पहचान प्रतीक राजकुमार के रूप में हुई है। वह पेट्रोलियम इंजीनियरिंग विभाग के फाइनल ईयर का छात्र था। वह महाराष्ट्र के अहमदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। मृत छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह छात्र एक्वामरीन हॉस्टल के बाहर उसका शव मिला।
यह हॉस्टल 15 मंजिला है। घटना के बाद आनन-फानन में छात्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र की मौत कैसे हुई है। मामला आत्महत्या का है या फिर कोई हादसा, इसका पता लगाया जा रहा है। संस्थान प्रबंधन ने घटना की सूचना छात्र के परिजनों को दे दी है। वहीं, पुलिस को भी मामले से अवगत करा दिया गया है।
घटना के बाद संस्थान प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आईआईटी (आईएसएम) के सिक्योरिटी इंचार्ज राम मनोहर सिंह के अनुसार, छात्र की मौत आठवीं मंजिल से गिरने के कारण हुई है। शुरूआती जानकारी में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।सुरक्षा प्रभारी के मुताबिक, घटना से पहले छात्र ने अपने माता-पिता को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर माफी मांगी थी। उसने व्हाट्सएप पर ही एक कथित सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें माता-पिता से माफी मांगने की बात सामने आई है।