रांचीः राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र की मौत हो गई है. मृत छात्र राजाउलातू स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था. छात्र का शव बुधवार को यूनिवर्सिटी के पास स्थित उसके किराए के कमरे से बरामद किया गया है. मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के पेटो गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है.
सुबह काफी देर तक नहीं खुला कमरा
मनीष यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और यूनिवर्सिटी परिसर के नजदीक एक किराए के मकान में रहता था. नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण सिंह के अनुसार, मनीष पहले एक अन्य छात्र के साथ कमरे में रहता था. हालांकि, कुछ दिन पहले उसका रूममेट वहां से चला गया था. इसके बाद से वह कमरे में अकेले रह रहा था.
बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और भीतर से किसी तरह की गतिविधि नजर नहीं आने पर मकान मालिक को संदेह हुआ. जब कमरे के अंदर जाकर देखा गया, तो मनीष का शव पड़ा मिला. इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई.सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्र ने यह कदम उठाया. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मृत छात्र के दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही, उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच भी की जा रही है.



