नई दिल्ली: राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के चन्द्रशेखर दुबे गुट और के. के. तिवारी गुट का औपचारिक विलय शनिवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इंटक राष्ट्रीय विलय सम्मेलन 2026 में हुआ। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी को संयुक्त इंटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। अभय कुमार दुबे को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और के. के. तिवारी को महासचिव के पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया।

श्रम कानूनों पर महत्वपूर्ण चर्चा

सम्मेलन में कई प्रस्ताव पारित किए गए और श्रम कानूनों तथा मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य प्रस्ताव के अनुसार, नवनिर्वाचित कार्यसमिति को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपा जाएगा, जिससे संगठन के एकीकरण और एक संयुक्त इंटक का गठन किया जा सके।

मजदूरों के अधिकारों के लिए प्रतिबद्धता

के. एन. त्रिपाठी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं प्रतिनिधियों के विश्वास के लिए हृदय से आभारी हूं। आज इंटक वही रास्ता फिर से अपनाने जा रहा है, जो 1947 में महात्मा गांधी और सरदार पटेल ने दिखाया था। हमारा लक्ष्य है कि हर मजदूर को एक इंटक के झंडे तले लाया जाए और खदानों, कारखानों, रेलवे, बैंकों तथा असंगठित क्षेत्र में उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया जाए।”