लातेहार। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलबसिया चेकपोस्ट के पास शुक्रवार की सुबह 3 से 4 बजे के बीच मगध कोलियरी की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों तथा ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण होने के बाद सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि इस विवाद के कारण कोयला परिवहन का कार्य कई घंटे तक ठप रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला तस्करी के खिलाफ छापेमारी के नाम पर रास्ते में चल रहे ग्रामीणों के साथ मारपीट और गाली गलौज की गई है। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है।
दरअसल शुक्रवार की सुबह लगभग 3 बजे सीआईएसएफ के अधिकारी और जवान फूलबसिया चेक पोस्ट के पास पहुंचे और कोयला लोड गाड़ियों की जांच शुरू की। इसी दौरान दो गाड़ियों में कोयला से संबंधित कागजात उपलब्ध नहीं होने पर उसे जब्त कर लिया। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ग्रामीण पूजा पाठ के बाद रास्ते से जा रहे थे। जिन्हें सीआईएसएफ के जवानों ने पकड़ लिया और बदसलूकी करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि उनके साथ मारपीट और गाली गलौज भी की गई। इसके अलावा मोबाइल भी छीन लिया गया। सीआईएसएफ के इस व्यवहार से ग्रामीण आक्रोशित होकर आंदोलन करने को विवश हो गए।
ग्रामीणों का कहना था कि छापेमारी कर अवैध कोयला को पकड़ना सीआईएसएफ का काम हो सकता है। लेकिन राह चलते ग्रामीणों के साथ मारपीट करना और बदसलूकी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।