पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड में दो सगी बहनों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार को हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात में आरोपी भाई ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी दोनों बहनों की जान ले ली। घटना के बाद आरोपी खुद धालभूमगढ़ थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। शुरूआती जानकारी में अंधविश्वास, तांत्रिक क्रियाओं के संदेह और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने थाने पहुंचने के लिए गांव के एक युवक की मदद ली। उसने युवक से कहा कि उसकी तबीयत खराब है और उसे धालभूमगढ़ में डॉक्टर के पास जाना है। युवक उसे मोटरसाइकिल से धालभूमगढ़ लेकर पहुंचा। थाने के पास आरोपी ने डॉक्टर के बैठने का समय नहीं होने की बात कही और थाने में कुछ काम होने का बहाना बनाया। इसके बाद युवक उसे बाहर छोड़कर लौट गया। आरोपी सीधे थाना परिसर में पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, शुरूआती जांच में भाई-बहनों के बीच आपसी विवाद की बात भी सामने आ रही है। पुलिस अंधविश्वास, पारिवारिक विवाद और आरोपी की मानसिक स्थिति समेत संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। घटना पर दुख जताते हुए पूर्व मुखिया ने कहा कि प्रखंड प्रशासन की ओर से अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों से निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज को भी आगे आना होगा। ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने तथा लोगों को वैज्ञानिक सोच के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
ओझा को बुलाकर कराया था अनुष्ठान
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने घटना से पहले रात में गांव में ओझा-गुणी को बुलाया था। बताया जाता है कि तांत्रिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ में शामिल होने के लिए उसने अपनी दोनों बहनों को भी आमंत्रित किया था। अनुष्ठान संपन्न होने के बाद दोनों बहनें सोने चली गईं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने सो रही दोनों बहनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।



