जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे समन्वय के साथ नियमित रूप से जांच अभियान चलाएं और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने बालू घाटों, खनन प्रभावित क्षेत्रों और प्रमुख परिवहन मार्गों की विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय, डीएफओ सबा आलम अंसारी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

18 मई से 14 जून तक की कार्रवाई

खनन टास्क फोर्स द्वारा चलाए गए अभियान में कुल 20 मामलों में कार्रवाई की गई।

जब्त खनिज:

* 812 टन बालू

* 74 टन चिप्स

* 20 टन लौह अयस्क

* कुल: 906 टन अवैध खनिज

जब्त वाहन:

* 16 हाइवा

* 5 ट्रैक्टर

* 3 वाहन (407 श्रेणी)

* कुल: 24 वाहन

अन्य कार्रवाई:

* 2 प्राथमिकी दर्ज

* 4.13 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

प्रदूषण नियंत्रण पर भी जोर:

बैठक में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। हाल ही में 2 क्रशर और 2 ईंट भट्टों का निरीक्षण किया गया है। उपायुक्त ने पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन कराने और किसी भी अनियमितता की स्थिति में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मानसून में बालू उठाव पर प्रतिबंध:

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के आदेश के अनुसार, जिले के सभी बालू घाटों से 10 जून 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक बालू का उठाव पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और अवैध बालू उत्खनन पर विशेष निगरानी रखने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में कौन-कौन रहे मौजूद:

बैठक में वन, खनन, परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।