रांची। राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू में सोमवार सुबह शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कार्यालय से धुआं और आग की लपटें निकलती देख इसकी जानकारी एजेंसी के प्रोपराइटर को दी गई।
घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार्यालय में रखा कंप्यूटर समेत सारा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कंपनी के अधिकारी मनोज दुबे ने बताया कि सुबह 8:30 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि आॅफिस से धुआं उठ रहा है। तुरंत इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम थोड़ी देर में ही पहुंच गई और आग पर काबू पाने में जुट गई। मनोज दुबे ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आग इतनी जबरदस्त थी कि आॅफिस के भीतर कंप्यूटर समेत सारा सामान जल कर राख हो गया। उन्हें कहा कि नुकसान का फिलहाल ब्यौरा दे पाना मुश्किल है।
बता दें कि जिस बिल्डिंग में आग लगी है, उसके ग्राउंड फ्लोर पर एचडीएफसी बैंक की शाखा भी है। राहत की बात है कि बैंक में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। इस बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर पर शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड का दफ्तर है।
हिनू में मैनपावर एजेंसी के कार्यालय में लगी आग
रांची। राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू में सोमवार सुबह शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में
2 मिनट में पढ़ें




