रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका के दरबार की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। रंग-बिरंगी सजावट और भक्तिमय माहौल के बीच मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु इस अलौकिक छटा को अपने कैमरों में कैद कर यादगार बना रहे हैं। मंदिर की भव्यता भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही है।
मंदिर के पुजारी राकेश पंडा ने कहा कि मां के दरबार में आने वाले भक्तों पर माता की विशेष कृपा बनी रहती है और सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। तस्वीरों में दिख रही यह भव्यता रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर की है। देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शामिल इस मंदिर में चैत्र नवरात्र हो या शारदीय नवरात्र, हर बार विशेष रूप से सजावट की जाती है।मंदिर की आकर्षक सजावट और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचता है। मां के दर्शन करने पहुंच रहे भक्त मंदिर की खूबसूरती को देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। मां के दरबार में जो भी भक्त आते हैं, माता उनकी मनोकामना पूरी करती हैं। रजरप्पा धाम की यही विशेषता इसे श्रद्धालुओं के लिए आस्था के साथ-साथ आकर्षण का केंद्र भी बनाती है।
नवरात्र के दौरान मंदिर की भव्य सजावट और भक्तिमय वातावरण लोगों के उत्साह को और बढ़ा देता है। मां के दरबार में पहुंचकर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। आने वाले दिनों में मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा जो मंदिर के प्रारूप को एक नया लुक देगा और भक्तों को भी खूब आकर्षक करेगा।
आस्था, भव्यता और भक्ति के इस संगम में रजरप्पा धाम मां छिन्नमस्तिका के भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। मंदिर की आकर्षक सजावट और मां के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था इस पावन धाम की खूबसूरती को और खास बना देती है।
