धनबाद। सिविल कोर्ट परिसर में सोमवार को एक आरोपी को हिरासत में लेने पर जमकर हंगामा हुआ। आरोपी को पकड़ने पहुंची आरपीएफ की विशेष टीम और अधिवक्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बैंक मोड़, धनबाद, धनसार, कतरास थाना और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह को अपने साथ धनबाद थाना ले गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कुणाल साव सोमवार को सरेंडर करने के लिए धनबाद कोर्ट पहुंचा था। इसी दौरान उसे हिरासत में लेने के लिए आरपीएफ महुदा के सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह अपनी विशेष टीम के साथ वहां पहुंचे। टीम ने जैसे ही कुणाल को पकड़ने की कोशिश की वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। हंगामा बढ़ने पर अन्य अधिवक्ता भी मौके पर जुट गए।अधिवक्ता संतोष सिंह के अनुसार, वह आरोपी कुणाल साव को सरेंडर कराने के लिए कोर्ट ले जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक उनके चेंबर में पहुंचा और आरोपी को हिरासत में लेने के लिए विवाद करने लगे। इस दौरान उनके साथ हाथापाई की गई। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।घटना को लेकर धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कोर्ट परिसर में इस तरह की घटना को निंदनीय बताते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।