रांची: झारखंड में वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘अरण्यक झारखंड फॉरेस्ट फिल्म फेस्टिवल-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव 28 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा, जिसका आयोजन झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा किया जा रहा है। फिल्म महोत्सव के माध्यम से सिनेमा के जरिए प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुँचाया जाएगा।
रांची में दो स्थानों पर होगा आयोजन
फिल्म महोत्सव का आयोजन रांची के पलाश ऑडिटोरियम, वन भवन, डोरंडा और शौर्य सभागार, JAP-1 मुख्यालय में किया जाएगा। तीन दिनों तक यहाँ फिल्म प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा, सम्मेलन और प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव का उद्घाटन 28 नवंबर को होगा, जिसके बाद चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दिन वन्यजीव एवं संरक्षण सत्र, फिल्म निर्माताओं के साथ संवाद और पेंटिंग एवं प्रकृति फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा।
समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
फिल्म महोत्सव का समापन 30 नवंबर को होगा, जिसमें विशेष एवं चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, वन्यजीव एवं संरक्षण सत्र और विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संजीव कुमार ने फिल्मकारों, पर्यावरणविदों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिनेमा जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम है, जिससे प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाया जा सकता है।
