झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे एवं अंतिम दिन गुरुवार को भाजपा और आजसू के विधायकों ने विधानसभा के मुख्य गेट के बाहर सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गए और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में आजसू विधायक तिवारी महतो भी शामिल रहे।

पत्रकारों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल

विधायकों ने राज्य में बढ़ती अपराध की घटनाओं और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास किया। उनके तख्तियों पर ‘पत्रकारों पर हमला बंद करो, लोकतंत्र का सम्मान करो’ और ‘दुष्कर्मियों, हत्यारों के संरक्षक हेमंत सरकार हाय-हाय’ जैसे नारे लिखे गए थे। इसके अलावा, पिछले सात वर्षों में हुई हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया।

प्रदर्शन में वृद्धा और दिव्यांग पेंशन से संबंधित मुद्दों को भी उठाया गया, जिससे विधायकों ने सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।