रांची: झारखंड विधानसभा में आज हेमंत सोरेन सरकार द्वारा एसआईआर से जुड़ा संकल्प ध्वनि मत से पारित किया गया। इस संकल्प में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर की प्रक्रिया पर रोक लगाने की बात कही गई है। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इस पर चर्चा के दौरान कहा कि वे ज्ञानेश कुमार को हटाने का अधिकार नहीं रखते, लेकिन राज्य की विधानसभा से प्रस्ताव पारित करने का अधिकार जरूर है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एमएमडीआर और एसआईआर जैसे मुद्दे उनके लिए बड़ा संकट पैदा कर सकते हैं। विधानसभा की कार्यवाही 26 नवंबर तक स्थगित कर दी गई है, जब एमएमडीआरए पर सरकार का प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
एसआईआर प्रक्रिया पर आपत्ति
राधाकृष्ण किशोर ने स्पष्ट किया कि सरकार एसआईआर का विरोध नहीं कर रही, बल्कि उसकी प्रक्रिया में खामियों का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों के चलते दस्तावेजों की बाध्यता पर सवाल उठाए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि झारखंड के कई क्षेत्रों में लोग बुनियादी दस्तावेजों के बिना जी रहे हैं, फिर भी उनसे जन्म प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है।
किशोर ने विपक्ष को चुनौती दी कि यदि वे झारखंड के किसी गांव में जन्म प्रमाण पत्र दिखा सकें, तो वे अपने पद से इस्तीफा देंगे। अन्यथा, ज्ञानेश कुमार को अपना पद छोड़ना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की वास्तविकता को समझने के लिए ज्ञानेश कुमार को यहां आना चाहिए।






