झारखंड विधानसभा में बाबूलाल मरांडी का जोरदार बयान
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार के राजकीय संकल्प पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई आवश्यक प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया है और कैबिनेट की बैठक बुलाए बिना ही विशेष सत्र का आयोजन किया गया। मरांडी ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग झारखंड में संविधान के तहत सभी प्रक्रियाओं का पालन कर रहा है, जबकि सत्ता पक्ष राजनीति कर रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि जब मरांडी अपनी बात रख रहे थे, तब गढ़वा से भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी सदन में सोते नजर आए। इस पर सदन में मौजूद सदस्यों ने चुटकी ली।
फर्जी दस्तावेज और घुसपैठ की जांच की मांग
मरांडी ने झारखंड में पेश किए जा रहे फर्जी दस्तावेज और घुसपैठ की जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में अफगानी और राज्य के अन्य हिस्सों में ईरानी नागरिक पकड़े गए हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी कागजात बनाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि घुसपैठियों और शरणार्थियों के बीच के अंतर को समझने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने वाले घुसपैठियों और धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आने वाले हिंदू शरणार्थियों में भेद करना आवश्यक है।
