गुमला में दो महिलाओं की हत्या का मामला, आरोपित भाई हिरासत में
गुमला थाना क्षेत्र के रकमसेरा गांव में दो महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या करने के बाद उनके शवों को जमीन में दफन कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पुलिस और मजिस्ट्रेट की टीम रकमसेरा गांव पहुंच गई। शवों को जमीन से बाहर निकालने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। पुलिस ने आरोपित भाइयों और उनके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हत्या का कारण अस्पष्ट
फिलहाल, दोनों महिलाओं की हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और शवों को बाहर निकालने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।





