रांची:
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने खनिज अधिकारों और राज्य के वित्तीय हितों पर जोर देते हुए केंद्र के MMDR संशोधन अधिनियम 2026 पर प्रश्न उठाए। उन्होंने संविधान दिवस के अवसर पर सदन में कहा कि झारखंड देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन खनिज संपदा के बावजूद राज्य को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड को केवल संसाधनों का उपनिवेश नहीं बनाया जाना चाहिए।
राजस्व नुकसान का अनुमान
कल्पना सोरेन ने खनिज राजस्व से होने वाले संभावित नुकसान के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के वित्तीय आकलन के अनुसार, खनिज वहन भूमि उपकर से प्रतिवर्ष लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की आय का अनुमान है। अगले 10 वर्षों में झारखंड में लगभग 2100 मिलियन टन खनिजों के खनन की संभावना है। यदि पहले के कराधान अधिकार बनाए रहते, तो झारखंड को इस अवधि में 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का खनिज राजस्व मिल सकता था। हालांकि, संशोधित प्रावधानों के तहत यह राशि घटकर लगभग 1 लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है, जिससे राज्य को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का संभावित राजस्व नुकसान होगा।
राज्य सरकार की योजनाएं
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कल्पना सोरेन ने राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसी पहलों के लिए राज्य को पर्याप्त वित्तीय संसाधनों की आवश्यकता है। सोरेन ने चेताया कि यदि राज्य के संसाधनों पर असर पड़ता है, तो इसका सबसे अधिक नुकसान गरीबों, महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और कमजोर वर्गों को होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास प्रभावित हो सकता है।
