दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र के नवासार गांव में शुक्रवार की दोपहर चिड़िया पकड़ने के चक्कर में एक बच्चे की जान चली गई। बच्चा चिड़िया के पीछे भागने लगा, जिससे वह कुएं में गिरकर घायल हो गया। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 12 साल का समीर मरांडी कुएं में गिरकर घायल हो गया। रात को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को मां सुलोखा मुर्मू का बयान लेकर नगर थाना की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
चाचा नंदलाल मरांडी ने बताया कि समीर की मां किसी काम से बाहर गई थी। बच्चा घर में अकेला था। वह चिड़िया पकड़ने के लिए घर से निकल गया।
चिड़िया के पीछे-पीछे वह भागने लगा। इसी दौरान वह सूखे कुएं में गिर गया। बच्चा दोपहर बाद भी घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया।
परिजनों को कुआं के समीप बच्चे का चप्पल देखा। उन्हें देखकर शक हुआ तो परिजनों ने झांककर देखा तो अंदर बालक पड़ा था। ग्रामीणों के सहयोग से उसे कुएं के बाहर निकाला गया। इसके बाद, परिजन इलाज के लिए उसे सरमुंडी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
बच्चे की हालत में शाम तक सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद, डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब दो बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक घंटे के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
मां ने बताया कि बेटे को चिड़िया पकड़ने में मजा आता था। कई बार पीछा कर चिड़िया को पकड़ा भी। मना करने के बाद भी नहीं मानता था। घर में अकेला होने की वजह से पकड़ने के लिए घर से निकल गया। मौत की सूचना मिलने के बाद नगर थाना के अशोक रजक अस्पताल पहुंचे और मां का बयान लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!