धनबाद। बाघमारा इलाके से एक बार फिर जमीन धंसने की भयावह घटना सामने आई है। लोयाबाद के सात नंबर मुस्लिम मोहल्ले में रविवार को एक घर के अंदर अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई। देखते ही देखते वहां बड़ा गोफ बन गया। घटना के समय घर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि जिस इलाके में यह घटना हुई, उसके नीचे बीसीसीएल की भूमिगत खदानें संचालित होती रही हैं। जमीन धंसने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई।
घटनास्थल की तस्वीरों में धंसी जमीन के पास बच्चों के खिलौने भी नजर आ रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय कोई बच्चा या परिवार का सदस्य उस स्थान पर मौजूद होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भूमिगत खदानों के ऊपर रिहायशी मकान बने होने के कारण क्षेत्र में जमीन धंसने का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने कहा कि पहले भी इस इलाके में भू-धंसान की घटनाएं सामने आती रही हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल धंसी जमीन के आसपास लोगों की आवाजाही को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, घटनास्थल की जांच कराने और भू-धंसान के खतरे वाले इलाकों में ठोस सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से लोगों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।







