गांडीव रिपोर्टर
बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक होगा विशाल पैदल मार्च
रांची। राज्य की नियुक्ति प्रक्रिया में व्याप्त धांधली, अनियमितता व भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा आज, गुरुवार शाम राजधानी रांची पहुंचेगी। इसके बाद कल 11 सितंबर को राजधानी की सड़कों पर छात्रों का विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत बापू वाटिका, मोरहाबादी से होगी, जहां छात्रों का जुटान होगा। इसके बाद बापू वाटिका से करमटोली चौक, लालपुर चौक होते हुए भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल, कोकर तक पदयात्रा की जाएगी। समाधि स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

इसके उपरांत यात्रा जेल मोड़ होते हुए राजधानी के हृदयस्थल अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेगी। यहां छात्रों द्वारा सरकार की युवा व छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान लगभग सात किलोमीटर की पदयात्रा कि दुरी तय की जाएगी।भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य की भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “यह महज एक यात्रा नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के सुरक्षित भविष्य, सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से उठ रही युवाओं की आवाज अब राजधानी रांची में बुलंद होगी।”
बताते चलें कि 24 अगस्त 2026 को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा, रामगढ़ से शुरू हुई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से होते हुए अब राजधानी रांची पहुंचकर विधिवत समापन किया जाएगा।
