गांडीव रिपोर्टर,

रांची एचडीएफसी बैंक ने गणेश चतुर्थी पर आज रांची के हरमू में बैक ऑफिस का शुभारंभ किया। इसका उद्घाटन झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर कुमार अभिषेक, रीजनल हेड – बिहार, झारखंड एवं ओडिशा, नितेश नारायण चौधरी, जोनल हेड, सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पंचवटी टावर, हरमू रोड, रांची स्थित यह नया बैक ऑफिस बैंक की परिचालन क्षमता को मजबूत करने और ग्राहकों को बेहतर एवं निर्बाध सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री किशोर ने कहा- झारखंड में एचडीएफसी बैंक के तीसरे बैक ऑफिस का शुभारंभ राज्य में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय गतिविधियों को और गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे राज्य के लोगों और व्यवसायों तक बेहतर एवं सुगम बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही, ऐसे संस्थानों के विस्तार से झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार एवं करियर के नए अवसर भी सृजित होंगे। एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों एवं पूरी टीम को नए बैकऑफिस के शुभारंभ पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

इस अवसर पर श्री कुमार अभिषेक ने कहा- यह झारखंड में एचडीएफसी बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नया बैकऑफिस हमारी परिचालन क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के सार्थक अवसर भी उपलब्ध कराएगा।