गांडीव रिपोर्टर
रांची। रांची रेलवे स्टेशन के समीप आज सुबह एक लावारिस नवजात मिलने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की गली में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला। यह स्थान सेरसा स्टेडियम के ठीक सामने वाली गली में पड़ता है। स्थानीय लोगों की वजह से नवजात को सुरक्षित बचा लिया गया है।
आज गुरुवार सुबह रोज की तरह इलाके के लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान एक युवक की नजर गली के कोने में कपड़े में लिपटे एक नवजात बच्चे पर पड़ी। बच्चे के रोने की हल्की आवाज सुनकर युवक पास गया और माजरा समझते ही आसपास के लोगों को आवाज दी। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात को अपने संरक्षण में लिया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तड़के अंधेरे का फायदा उठाकर मासूम को वहां कौन छोड़ गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी हाल ही में हुए प्रसव का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है।








