रांची। दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के पास रहे सभी विभाग अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संभालेंगे। मंत्रिमंडल समन्वय विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा कला, संस्कृति, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आवंटित किए गए हैं।
सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद इन विभागों के आवंटन को लेकर सरकार ने अब औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे पहले पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पास रहे विभाग भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही संभाल रहे हैं। यानी फिलहाल दोनों पूर्व मंत्रियों के विभाग मुख्यमंत्री के जिम्मे है।
मुख्यमंत्री मां से मिलने अस्पताल पहुंचे, स्वास्थ्य की ली जानकारी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी मां रूपी सोरेन से मिलने अस्पताल पहुंचे। रूपी सोरेन रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती हैं। सीएम ने अस्पताल में डॉक्टरों और प्रबंधन से उनकी तबीयत की जानकारी ली।अस्पताल पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब होने के बाद रूपी सोरेन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई थी। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
रूपी सोरेन के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह से कई नेता हिल व्यू अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद हैं और लगातार रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
रूपी सोरेन की तबीयत खराब होने की खबर के बाद झारखंड के कई नेता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी अस्पताल पहुंचकर रूपी सोरेन की स्वास्थ्य की जानकारी ली।