पलामू। पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के चराई पंचायत अंतर्गत भिखही गांव में रविवार को दामाद की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घर के समीप मकई के खेत से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बभन्डी गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गांधी दोनों पैरों से दिव्यांग था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांधी अपनी बड़ी बेटी को ससुराल से वापस लाने के लिए भिखही गांव स्थित अपने ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले अपने दो बच्चों को लेकर कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ बिहार चली गई थी, जबकि बड़ी बेटी नानी के घर रह रही थी।

बेटी को वापस लाने के दौरान गांधी का अपने ससुर जगदेव भुइयां से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों के आरोप के मुताबिक, विवाद के दौरान जगदेव भुइयां ने कथित तौर पर टांगी से गांधी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

आरोप है कि घटना के बाद शव को घर के समीप स्थित मकई के खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद से आरोपी ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है।

रविवार सुबह करीब 8 बजे खेत में शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है। शव का एमएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार है।