रांची। राजधानी के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला में चोरों ने एक बंद घर से करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और कीमत सामान चोरी कर लिए। चोर जेवरात, नकदी और कीमती सामान के साथ बेटी की शादी के लिए खरीदे गए गहने, बर्तन और दुल्हन का सामान तक अपने साथ ले गए। परिवार करीब एक महीने से बिहार गया हुआ था। इसी बीच चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
अपने साथ ले गए शादी का सारा सामान
घर की मालकिन शकीला खान ने बताया कि उनकी 3 बेटियां हैं। तीनों ही बाहर नौकरी करती हैं। एक बेटी की शादी के लिए जेवरात से लेकर शादी का हर सामान घर में खरीदकर रखा था। शादी के सिलसिले में ही वे लोग एक महीने से अपने गांव में थे। इसी बीच घर बंद होने का फायदा उठाकर चोर अंदर घुसे और कमरे एवं अलमारियों को खंगालकर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने फोन करके पीड़ित परिवार को दी।
चोरी के बाद पीड़ित लोगों को बड़ा नुकसान
रांची पहुंचने के बाद परिजनों ने घर में बिखरा हुआ सामान देखा और पुलिस को घटना की सूचना दी। इस वारदात ने परिवार की खुशियों को गहरा झटका दिया है। बेटी की शादी के लिए बड़े अरमानों से जुटाए गए जेवर और दूसरे सामान की चोरी से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है।
पड़ोसियों ने एस खातुन को फोन पर दी चोरी की सूचना
जब परिवार बिहार में था, तब स्थानीय लोगों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा और फौरन इसकी सूचना फोन पर परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत रांची पहुंचे। घर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। हर तरफ सामान बिखरा पड़ा था और पीढ़ियों की जमा-पूंजी व अरमान एक झटके में गायब हो चुके थे।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू किए। अब पुलिस के लिए यह सनसनीखेज मामला एक बड़ी चुनौती बन गया है, क्योंकि इतने बड़े पैमाने पर हुई इस चोरी का खुलासा करना और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना पुलिस के सामने सबसे बड़ा इम्तिहान है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद से भारी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।
