रांची:
झारखंड के विभिन्न जिलों में आज सुबह कुहासा छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में नए मौसमी सिस्टम के विकास के आसार नहीं हैं, और चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव कम होने के बाद मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर हल्के बादल हो सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। नवंबर के शेष दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने की उम्मीद है।
आगामी दिनों में तापमान में गिरावट
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। अगले तीन दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ेगा, विशेषकर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को ठंड से बचाव की आवश्यकता होगी। कुछ दिनों की गिरावट के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की भी संभावना है। फिलहाल राज्य में बारिश के आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा।
किसानों के लिए सलाह
मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट को देखते हुए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. रमेश कुमार और मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. बाबूराव पीपी ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जिन खेतों में धान की फसल पक चुकी है, वहां किसान कटाई शुरू कर सकते हैं। कटाई के बाद फसल को दो से तीन दिन तक खेत में सुखाने के बाद ही थ्रेसिंग करने की सलाह दी गई है। भंडारण से पहले अनाज को अच्छी तरह धूप में सुखाना आवश्यक है और दानों में नमी की मात्रा करीब 12 प्रतिशत रखनी चाहिए। धान की कटाई के बाद बचे अवशेषों को जलाने के बजाय मिट्टी में मिला देने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और नमी बनाए रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, तापमान में गिरावट को देखते हुए खड़ी फसलों में सुबह या शाम के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है।
