सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायलों को वन विभाग ने मुआवजा राशि प्रदान की है। सोमवार को चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी, चांडिल रेंज के रेंजर सुरेंद्र गोप और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने लाभुकों को चेक सौंपे।
मृतकों के परिजनों को 16 लाख रुपये का मुआवजा
हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले चार व्यक्तियों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की मुआवजा राशि दी गई, जिससे कुल 16 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया गया। इसके अलावा, हाथी के हमले में घायल पांच व्यक्तियों को 3 लाख 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
हाथी के हमले में चार लोगों की हुई थी मौत
मुआवजा पाने वाले मृतकों में सापारूम गांव की राधा तांती, हरत गांव की अमिता बाला, चैना देवी और कुकरू गांव के मुनिराम गोराई शामिल हैं। राधा तांती की मौत 11 अप्रैल 2026 को हुई थी, जबकि अमिता बाला और चैना देवी की जान 25 अप्रैल 2026 को और मुनिराम गोराई की 30 मई 2026 को हाथी के हमले में गई थी।
हाथी प्रभावित गांवों में सोलर लैंप का वितरण
वन विभाग ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलर लैंप का वितरण भी किया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और वन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया और हाथी प्रभावित गांवों में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
