स्कूल बस पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे बच्चे, प्रोजेक्ट भवन परिसर में गिरा विशाल पेड़, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब शहर के लिए आफत बनती जा रही है। शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं के कारण बड़ा हादसा हो गया।
रांची में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और शुक्रवार को सुबह से चल रही आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित है। शुक्रवार सुबह डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
डोरंडा के एजी मोड़ के पास तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी के अनुसार, तेज बारिश और हवा के बीच स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक बड़ा पेड़ अचानक बस पर गिर गया। पेड़ को गिरता देख चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस रोक दी। इससे बस में सवार बच्चों को चोट नहीं आई।
घटना की सूचना डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम को दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद रास्ता साफ कर बस को आगे रवाना किया गया। कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में आवागमन सामान्य हो गया। डोरंडा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में सवार सभी बच्चे और चालक सुरक्षित हैं। वहीं दुसरी घटना धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) परिसर में एक विशालकाय पेड़ धाराशायी हो गया। पेड़ गिरने की इस घटना में परिसर में पार्क की गईं कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त जब दफ्तरों में कामकाज चल रहा था और बाहर झमाझम बारिश हो रही थी, तभी अचानक एक पुराना और भारी-भरकम पेड़ तेज आवाज के साथ कड़कड़ाकर नीचे गिर पड़ा। पेड़ सीधे अधिकारियों और कर्मचारियों की गाड़ियों की कतार पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय गाड़ियों के अंदर या पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। हालांकि, पेड़ के नीचे दबने से कई चार पहिया वाहन मामूली रूप से तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय सुरक्षाकर्मी और आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पेड़ की मोटी टहनियों को काटकर हटाने और नीचे दबी गाड़ियों को निकालने का काम राहत स्तर पर शुरू कर दिया गया है। बारिश के बीच कटर मशीनों की मदद से लकड़ी को काटकर रास्ता साफ किया जा रहा है।
लगातार बारिश और तेज आंधी से शहर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, जिसके कारण बच्चों को खराब मौसम के बावजूद स्कूल जाना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई बच्चों के जूते और स्कूल ड्रेस भी भीगकर गंदे हो गए। स्कूल प्रबंधन ने बस चालकों को खराब मौसम में विशेष सावधानी बरतते हुए वाहन चलाने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि दो दिनों से रांची और आसपास के क्षेत्रों में हो रही अनवरत बारिश के कारण शहर की मिट्टी बेहद नरम हो चुकी है। जमीन ढीली होने की वजह से जड़ों की पकड़ कमजोर पड़ रही है, जिससे पुराने और भारी पेड़ ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हैं। रांची के कई अन्य हिस्सों और सड़कों किनारे भी पेड़ तथा उनकी शाखाएं गिरने की खबरें आ रही हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। मौसम विभाग ने फिलहाल शहर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी रखा है। वहीं, प्रशासन ने आम लोगों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान पुराने पेड़ों, जर्जर दीवारों और बिजली के खंभों के पास गाड़ियां पार्क न करें और सतर्कता बरतें।