रांची। डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह ओवरब्रिज पर शुक्रवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार सड़क के बीचों-बीच पलट गई।

हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्ट्रीट लाइट का पोल भी टूट गया। दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से जा रही थी। ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण हादसा हुआ।

कार पलटने के बाद उसमें सवार दो युवक अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने कार को सीधा कर दोनों युवकों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि दोनों को गंभीर चोट नहीं लगी है और उन्हें मामूली खरोंचें आई हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सड़क से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।