रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह अब टिकट काउंटर पर साफ नजर आ रहा है। सोमवार सुबह 9 बजे से आॅफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू होते ही जेएससीए स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास बनाए गए टिकट काउंटर पर दर्शकों की लंबी कतार लग गई। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ रहा है, टिकट लेने के लिए पहुंचने वाले क्रिकेट प्रेमियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
टिकट खरीदने के लिए सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी क्रिकेट प्रेमी पहुंचे हैं। कतार में महिला, पुरुष और युवा क्रिकेट प्रशंसक नजर आ रहे हैं। कई दर्शक सुबह-सुबह ही टिकट काउंटर पहुंच गए, ताकि अपनी पसंद की टिकट हासिल कर सकें। टिकट मिलने के बाद दर्शकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही है।
टिकट लेने पहुंचे एक क्रिकेट प्रेमी ने कहा कि वह लंबे समय से रांची में होने वाले इस मुकाबले का इंतजार कर रहे थे। टिकट मिलना ही उनके लिए खुशी की बात है। अब स्टेडियम में बैठकर भारतीय टीम को खेलते हुए देखने का इंतजार है।
वहीं, एक अन्य दर्शक ने कहा कि मैच को लेकर पहले से ही काफी उत्साह है। आॅफलाइन टिकट मिलने की जानकारी के बाद वह अपने दोस्तों के साथ काउंटर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि टिकट हाथ में आने के बाद अब मैच के दिन का इंतजार है।
जेएससीए में इस समय टिकट खरीदने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। काउंटर के आसपास लगातार क्रिकेट प्रेमियों की आवाजाही बनी हुई है। कई लोग टिकट लेकर खुशी-खुशी बाहर निकल रहे हैं, जबकि नए दर्शक कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों में अपने पसंदीदा क्रिकेटरों को करीब से देखने और मैदान पर उनके प्रदर्शन का गवाह बनने की बेचैनी भी नजर आ रही है।
आॅफलाइन टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक की जा रही है। इसके लिए जेएससीए स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास कुल छह काउंटर बनाए गए हैं। इनमें चार काउंटर आम दर्शकों के लिए हैं, जबकि दो काउंटर महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए रखे गए हैं। एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट दिए जाने की व्यवस्था है।
टिकट की कीमतों की बात करें तो अलग-अलग श्रेणियों के टिकट उपलब्ध हैं। हिल एरिया के टिकट की कीमत 1600 रुपये है, जबकि प्रेसिडेंट्स एनक्लोजर का टिकट 18 हजार रुपये तक है। टिकट खरीदने के लिए पहुंच रहे दर्शकों में अलग-अलग श्रेणियों के टिकट को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है।
9 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले को लेकर जेएससीए स्टेडियम भी पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। वहीं, टिकट बिक्री के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है और टिकट काउंटर के पास भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले इस मुकाबले में अभी चार दिन का समय बाकी है, लेकिन मैच को लेकर उत्साह टिकट काउंटर पर ही दिखाई देने लगा है। लंबी कतारों में खड़े क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ बता रही है कि 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले मुकाबले का इंतजार रांची के साथ-साथ दूसरे शहरों और राज्यों के क्रिकेट प्रशंसकों को भी बेसब्री से है।
गर्लफ्रेंड के लिए टिकट लेने समस्तीपुर से रांची पहुंचा युवक
टिकट के लिए लगी भीड़ के बीच एक युवक की कहानी ने खासा ध्यान खींचा। बिहार के समस्तीपुर से एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड के लिए टिकट लेने रांची पहुंचा है। उसका कहना है कि मैच देखने की उसकी गर्लफ्रेंड की इच्छा है और इसी वजह से वह इतनी दूर से टिकट लेने पहुंचा है। यानी भारत-वेस्टइंडीज के मुकाबले का क्रेज सिर्फ रांची या झारखंड तक सीमित नहीं है। मैच को लेकर पड़ोसी राज्यों के क्रिकेट प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
महिलाओं की कतार में दिखी रिश्तों की अलग तस्वीर
जब महिलाओं की लाइन की तरफ बढ़े तो वहां का नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला। यहां कई महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट लेने पहुंची थीं। कोई अपने बेटे के लिए टिकट लेने आई थी, तो कोई अपने भाई के लिए। भीड़ और लंबी कतार के बावजूद इन महिलाओं का उत्साह कम नहीं था। हर किसी की कोशिश थी कि किसी तरह टिकट मिल जाए और परिवार के साथ मैच देखने का मौका हाथ से न निकले।
इसी दौरान एक महिला से मुलाकात हुई, जो अपनी बेटी और दामाद के लिए टिकट लेने पहुंची थीं। उनके लिए यह सिर्फ एक क्रिकेट मैच का टिकट नहीं, बल्कि परिवार के साथ खुशी का एक मौका था। उनकी तरह कई लोग अपने परिवार और अपनों के लिए टिकट लेने घंटों से लाइन में खड़े हैं। कोई रात से इंतजार कर रहा है, तो कोई सुबह-सुबह स्टेडियम पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा है।
वैभव सूर्यवंशी को देखने की भी लोगों में दीवानगी
टिकट लेने पहुंचे लोगों में कई ऐसे क्रिकेट प्रशंसक भी नजर आए, जो युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए उत्साहित हैं। स्टेडियम के आसपास क्रिकेट प्रेमियों के बीच मैच के साथ-साथ खिलाड़ियों को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। लोगों में इस बात को लेकर खास उत्सुकता है कि मैच के दौरान भारतीय टीम के सितारों के साथ युवा खिलाड़ियों को देखने का मौका मिलेगा।
टिकटों की बिक्री शुरू, दूर-दूर से स्टेडियम पहुंचे दर्शक
रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को
5 मिनट में पढ़ें



