रांची। राजधानी रांची में होटल और बार की आड़ में चल रही कथित संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर क्षेत्र में पुलिस की विशेष टीमों ने छह से अधिक होटल और बार में छापेमारी की।

इस दौरान कचहरी चौक के पास स्थित कोरिंथिया सूट्स एंड हॉस्पिटैलिटी होटल में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया। पुलिस ने होटल के कमरों से छह से अधिक युवतियों को पकड़ा, जबकि कई युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, होटल में कमरे बुक कर कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अचानक होटल में छापेमारी की। टीम ने रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की और होटल में ठहरे लोगों के रिकॉर्ड खंगाले। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कुछ अहम साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने मौके से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को जांच के दायरे में लिया है। इनके माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवतियों को होटल तक कौन पहुंचाता था, ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से होता था और पैसों का लेन-देन किस तरीके से किया जाता था। पुलिस को इस पूरे मामले में कथित दलालों की भूमिका की भी आशंका है।

सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी), कोतवाली निखिल राय ने रविवार को बताया कि मामले की जांच जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल फोन से प्राप्त जानकारी के आधार पर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के अलावा लालपुर इलाके में भी कई होटल और बार की जांच की। इस दौरान संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका और कथित नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।