रांची। सदर थाना क्षेत्र के दीपाटोली स्थित बांधगाड़ी मुख्य मार्ग पर चोरों ने प्रेरणा ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मुख्य मार्ग पर स्थित आभूषण दुकान में चोरी की घटना से आसपास के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
बताया गया है कि प्रेरणा ज्वेलर्स स्थानीय व्यवसायी अरविंद वर्मा की दुकान है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद दुकान मालिक ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस दिशा से आए और घटना को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए।
इधर, स्थानीय कारोबारियों ने मुख्य मार्ग पर चोरी की घटना को लेकर पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।







