रांची। रातू काठीटांड़ से अखबार का पैसा लेने निकला एक विक्रेता मंगलवार की शाम अपराधियों के चंगुल में फंस गया। टेंडर देवी मंडप के पास अचानक कार सवार तीन लोग पहुंचे और उसे कथित तौर पर जबरन कार में खींच लिया। मुंह दबाकर उसे चुप कराने के बाद बदमाशों ने उसके पास रखे मोबाइल और पैसे लूट लिए। इसके बाद उसे डंपिंग यार्ड के पास सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह पैदल तिलता चौक पहुंचे पीड़ित ने रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
प्राथमिकी के अनुसार, वह काठीटांड़ से टेंडर बगीचा अखबार का पैसा लेने पैदल जा रहा था। शाम करीब 6:30 बजे टेंडर देवी मंडप के पास पहुंचते ही एक कार उसके पास आकर रुकी। कार में सवार तीन लोगों ने उसे पकड़कर जबरन अंदर बैठा लिया। इसके बाद उसका मुंह बंद कर दिया गया।पीड़ित ने बताया कि उसने खुद को बचाने के लिए शोर मचाने और मदद के लिए चिल्लाने की कोशिश की, लेकिन कार के शीशे बंद होने के कारण उसकी आवाज बाहर नहीं पहुंच सकी।आरोप है कि कार सवारों ने पीड़ित के पास मौजूद मोबाइल और नकदी छीन ली। कुछ दूर ले जाने के बाद उसे डंपिंग यार्ड के पास छोड़ दिया गया। आरोपी वहां से कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह पैदल तिलता चौक पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
पीड़ित ने रातू थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना के दौरान इस्तेमाल की गई कार और उसमें सवार तीनों आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है। घटना के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।