रांची। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार 23 सितंबर को राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 23 से 25 सितंबर तक झारखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आज रांची समेत इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
24 सितंबर को इन इलाकों में बढ़ेगा बारिश का जोर
24 सितंबर को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रांची, गुमला और खूंटी में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
25 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बारिश
25 सितंबर को बारिश का फोकस राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में रहने की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
अगले 72 घंटे झारखंड के लिए अहम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटे झारखंड के लिए मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। आज राजधानी रांची समेत कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। 24 सितंबर को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश और 25 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।





