जमशेदपुर: सीआइएससीई का परिणाम घोषित हो चुका है। जमशेदपुर के सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी तिवारी ने 12वीं की परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर टॉप किया है। उन्होंने 100% अंक हासिल किए हैं, जिससे उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। यह शांभवी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

शांभवी तिवारी का सपना डॉक्टर बनने का है। वह 3 मई को नीट की परीक्षा देने जा रही हैं। उनका नीट का एग्जाम अब्दुल बारी कॉलेज में है, और वह इस परीक्षा की तैयारी में पूरी लगन से जुटी हुई हैं।

पिता ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव

शांभवी के पिता, राकेश रमन, ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं। राकेश आदित्यपुर में ऑल इंडिया रेडियो की बिल्डिंग के पीछे रहते हैं। वहीं, शांभवी की माता, निभा सिन्हा, सेंट मैरी इंग्लिश हाई स्कूल में पीजीटी केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं।

नीट की तैयारी को लेकर शांभवी मॉक टेस्ट दे रही थीं, इस संदर्भ में राकेश रमन ने बताया कि शांभवी हमेशा पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करती हैं और सोशल मीडिया से दूर रही हैं।

रोज 9 घंटे पढ़ाई करती हैं शांभवी

शांभवी ने नीट की तैयारी के साथ-साथ 12वीं की पढ़ाई को भी पूरा किया है। राकेश रमन ने बताया कि शांभवी रोजाना 9 घंटे पढ़ाई करती हैं। स्कूल जाने के दिनों में, स्कूल से लौटने के बाद वह दो-दो घंटे पढ़ाई करती थीं। अब जब स्कूल नहीं है, तो वह सुबह भी कुछ घंटे पढ़ाई कर लेती हैं।

यह हैं सफलता के टिप्स

राकेश रमन ने कहा कि उन्होंने कभी शांभवी से पढ़ाई के लिए नहीं कहा; उनका खुद से पढ़ाई करना ही उनकी रुचि का हिस्सा है। वे पढ़ाई को लेकर शांभवी को मार्गदर्शन जरूर करते हैं। शांभवी का जोर स्वाध्याय पर है। इसके अलावा, उन्होंने साकची की आकाश कोचिंग भी जॉइन की है। राकेश रमन ने बताया कि छात्रों को अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए और जिस विषय में उनकी रुचि हो, उसी में आगे बढ़ना चाहिए। छात्रों को अपने ऊपर विश्वास रखना चाहिए और सोशल मीडिया से दूरी बनानी चाहिए, तभी सफलता की प्राप्ति संभव है।