जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी इलाके में एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास और प्रताड़ना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संजय अग्रवाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने रविवार को उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया और फिर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि वह बाराद्वारी स्थित एक दुकान में काम करती थी। दुकानदार संजय अग्रवाल लंबे समय से उस पर गलत नजर रखता था और कई बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल चुका था। पीड़िता ने हर बार इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी का व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया।

जातिसूचक गालियाँ देने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी की मांगों को मानने से इनकार किया तो 29 मई की रात उसके साथ गाली-गलौज की गई और उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद पीड़िता ने सीतारामडेरा थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी संजय अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले की आगे की जांच जारी है।