SRH बनाम DC: आईपीएल 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से पराजित किया। अभिषेक शर्मा की नाबाद 135 रनों की शानदार पारी और ईशान मलिंगा के 4 विकेट के दम पर हैदराबाद ने 20 ओवर में 242/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम केवल 195/9 रन ही बना सकी।

अभिषेक शर्मा का विस्फोटक प्रदर्शन

हैदराबाद के ओपनर्स ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने मिलकर एक मजबूत स्कोर की नींव रखी। दोनों ने क्रीज पर आते ही आक्रमक खेल दिखाया और पावरप्ले के छह ओवर में ही बिना विकेट खोए 67 रन बना दिए। 9वें ओवर में अक्षर पटेल ने हेड को 37 रन पर आउट कर दिल्ली के लिए पहली सफलता दिलाई, लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा ने तूफानी खेल दिखाते हुए गेंदबाजों पर भारी दबाव डाल दिया।

अभिषेक ने केवल 25 गेंदों में अपनी अर्धशतक पूरी की और फिर 47 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। उन्होंने 68 गेंदों में 135 रन बनाते हुए नाबाद रहे। इस शानदार पारी में उन्होंने 10 छक्के और 10 चौके लगाए, जिससे हैदराबाद का स्कोर 2 विकेट पर 242 रनों तक पहुंच गया।

ईशान मलिंगा की घातक गेंदबाजी

243 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ही मुश्किलों से भरी रही। तीसरे ओवर में पथुम निसांका अपना विकेट गंवा चुके थे। इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने पारी को संभालने का प्रयास किया और एक अच्छी साझेदारी बनाई। लेकिन 10वें ओवर में राहुल के 37 रन पर आउट होते ही दिल्ली की उम्मीदें टूटने लगीं।

ईशान मलिंगा ने अपनी धारदार गेंदबाजी से दिल्ली के बल्लेबाजों को झकझोर दिया। उन्होंने क्रमशः नीतीश राणा और डेविड मिलर जैसे सेट बल्लेबाजों को आउट कर दिल्ली की पारी को पूरी तरह से बिगाड़ दिया। मलिंगा ने अपने कोटे में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

हैदराबाद की प्रगति

इस शानदार जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद ने अंक तालिका में अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया है। अब हैदराबाद की टीम 7 मैचों में 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स इस हार के बाद पांचवें स्थान पर खिसक गई है। वर्तमान में पंजाब किंग्स की टीम 11 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर है।