गांडीव रिपोर्टर,

राँची। सेंट जेवियर्स कॉलेज (स्वायत्त) राँची के शिक्षा विभाग द्वारा बी.एड. सत्र 2025–27 के प्रशिक्षुओं के लिए स्कूल इंटर्नशिप कार्यक्रम 2026 प्रारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को राँची एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों में इंटर्नशिप के लिए आवंटित किया गया है। स्कूल इंटर्नशिप की अवधि 10 सितंबर 2026 से 27 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।

स्कूल इंटर्नशिप बी.एड. शिक्षक-प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण व्यावहारिक हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को वास्तविक विद्यालयी वातावरण से परिचित कराना तथा उन्हें कक्षा-शिक्षण और विद्यालय की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। इस दौरान प्रशिक्षु अपने संबंधित शिक्षण-विषय एवं शिक्षण-विधि के अनुरूप विद्यालय में विभिन्न शिक्षण-अधिगम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

इंटर्नशिप के दौरान प्रशिक्षुओं को पाठ-योजना तैयार करने और प्रस्तुत करने, प्रभावी शिक्षण, शिक्षण-अधिगम सामग्री एवं डिजिटल संसाधनों के उपयोग, विद्यार्थियों की सहभागिता, आकलन तथा कक्षा-प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पक्षों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। इसके साथ ही वे प्रार्थना सभा, पाठ्यसहगामी क्रियाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विद्यालय की अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं के शिक्षण कार्य, कक्षा-प्रस्तुतीकरण, उपस्थिति और समग्र प्रगति का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पर्यवेक्षण किया जाएगा। इससे प्रशिक्षुओं को अपने शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यालयी अनुशासन, उत्तरदायित्व, कार्य-संस्कृति और व्यावसायिक व्यवहार को समझने का अवसर मिलेगा।

स्कूल इंटर्नशिप कार्यक्रम की तैयारी में शिक्षा विभाग के सभी प्राध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इंटर्नशिप से पूर्व लगभग एक महीने तक प्रशिक्षुओं को छोटे-छोटे समूहों में बाँटकर शिक्षण की बारीकियों से अवगत कराया गया तथा उन्हें वास्तविक कक्षा-कक्ष की परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया गया। इस दौरान उन्हें पाठ-योजना निर्माण, कक्षा-प्रबंधन, प्रभावी संप्रेषण, प्रश्न पूछने की कला, श्यामपट्ट कार्य एवं शिक्षण-अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग जैसी आवश्यक व्यावहारिक बातों का प्रशिक्षण दिया गया। प्राध्यापकों के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रशिक्षुओं को विद्यालय इंटर्नशिप के लिए आवश्यक शैक्षणिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल से सुसज्जित किया गया।

स्कूल इंटर्नशिप कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. जगबंधु महतो ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एन. सी. टी. ई.) ने शिक्षक-प्रशिक्षण में विद्यालय इंटर्नशिप को विशेष महत्व दिया है और इसकी अवधि में भी वृद्धि की गई है, ताकि प्रशिक्षुओं को विद्यालय के वास्तविक वातावरण और कक्षा-शिक्षण का पर्याप्त प्रत्यक्ष अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप प्रशिक्षुओं को अपने सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कक्षा-परिस्थितियों में लागू करने और शिक्षण की व्यावहारिक समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। विद्यालय का यह प्रत्यक्ष अनुभव उन्हें एक सक्षम, जिम्मेदार और संवेदनशील शिक्षक के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. फादर फ्लोरेंस पुर्ती ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उन्हें इंटर्नशिप की पूरी अवधि का सार्थक, उत्पादक और अनुशासित ढंग से उपयोग करना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षुओं से विद्यालय में उपलब्ध प्रत्येक सीखने के अवसर का अधिकतम लाभ उठाने तथा पूरे समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।