धनबाद। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) का तीसरा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित एकेडमिक ब्लॉक में हुआ। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने युवाओं को लीक से हटकर कुछ नया करने का स्पष्ट संदेश दिया। अपने संबोधन की शुरूआत जोहार और नमस्कार से करते हुए उन्होंने कहा कि आज की यह डिग्री केवल कागजों का पुलिंदा नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होनी चाहिए।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अत्याधुनिक तकनीक के इस दौर पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक ने दुनिया को पहले से कहीं अधिक व्यापक बना दिया है। जहां एक ओर अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर युवाओं के सामने नई चुनौतियां भी खड़ी हैं। इन चुनौतियों से पार पाने के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी योग्यता, नवाचार) और कौशल को हथियार बनाना होगा। कहा कि युवाओं को अब सिर्फ नौकरी मांगने वाला (जॉब सीकर) बनने की मानसिकता से बाहर निकलकर रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला (जॉब प्रोवाइडर) बनना होगा। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए निरंतर मेहनत, ईमानदारी और सीखने की ललक बेहद जरूरी है।