जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा के सरकारी मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही स्कूल परिसर में शव मिलने की सूचना मिली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी वहां पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, किशोरी की अवस्था को देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

आंगनबाड़ी संचालक ने सबसे पहले देखा शव

शनिवार सुबह जब संचालिका सुलेखा शांडिल्य आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्कूल पहुंचीं, तो उनकी नजर किशोरी के शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को सूचित किया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई।

पुलिस जांच में पाया गया कि किशोरी के मुंह से झाग निकल रहा था। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसने या उसे कोई जहरीला पदार्थ दिया गया हो। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

अब तक नहीं हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतक किशोरी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं पाया। पुलिस अब किशोरी के परिवार का पता लगाने में जुटी है।

परसुडीह थाना के प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि किशोरी का शव स्कूल परिसर में मिला है और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। प्रथम दृष्टया, यह जहरीला पदार्थ खाने की आशंका को व्यक्त करता है। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि किशोरी स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।