खूंटी: 
झारखंड के खूंटी जिले में कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जिसके कारण पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”

स्कूटी दुर्घटना के बाद मची अफरातफरी

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, जहां सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया और पुलिया तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत सात लोगों की जान चली गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में 11 माह का सौरभ नायक और उसकी मां अंजली कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा, पाको देवी (60 वर्ष), जयंती देवी, मानहु देवी, गोलू कुमार और तूती कुमारी की भी मौत हो गई। वहीं, पांच वर्षीय खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है।