हजारीबाग:
Hazaribagh News: गुरुवार रात हजारीबाग के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी राहुल दुबे के गुर्गे अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हुई। कर्मा टिल्हा जंगल में हुई इस मुठभेड़ के दौरान अंशु दुबे के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया। इस घटना की पुष्टि हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने की है, जिन्होंने बताया कि अंशु दुबे खतरे से बाहर है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फायरिंग मामले में गिरफ्तारी के बाद हुई मुठभेड़
कुछ दिन पहले उरीमारी थाना क्षेत्र में फायरिंग की एक घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने अंशु दुबे को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार को उसने कर्मा टिल्हा जंगल में छिपा रखा है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने जंगल में एक पर्चा भी छिपाकर रखा है जिससे हथियार का स्थान ज्ञात किया जा सके।
पुलिस कार्रवाई में आरोपी ने किया जवाबी फायरिंग
अंशु दुबे की निशानदेही पर पुलिस कर्मी उसे जंगल में हथियार बरामद करने के लिए ले गए। जैसे ही वे वहां पहुंचे, अंशु ने छिपा हुआ हथियार निकालकर अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान अंशु दुबे के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
