नई दिल्ली: IPL 2026 के इस रोमांचक सीजन के बीच श्रीलंकाई क्रिकेट में एक गंभीर घटना सामने आई है। श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ियों को कोलंबो के नाराहेनपिटा क्षेत्र के एक होटल में महिलाओं के नहाते समय वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उस समय हुई जब टीम होटल में ठहरी हुई थी।
इस घोटाले के खुलासे ने श्रीलंकाई क्रिकेट समुदाय में हड़कंप मचा दिया है। फिलहाल, इन खिलाड़ियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवा क्रिकेटर उस होटल में ठहरे हुए थे जहां कई महिलाओं ने यह शिकायत दर्ज कराई कि जब वे अपने बाथरूम में थीं, तब उनके वीडियो मोबाइल फोन से बनाए जा रहे थे।
शिकायत मिलने पर उठाए गए कदम
शिकायतों के बाद नाराहेनपिटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों खिलाड़ियों को हिरासत में लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन वीडियो को इंटरनेट पर साझा किया गया है।
मामले की अगली सुनवाई कब होगी?
सूत्रों के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को अलुथकाडे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें निजी जमानत पर रिहा कर दिया गया। प्रत्येक खिलाड़ी को 5 लाख श्रीलंकाई रुपये की जमानत दी गई। मामले की अगली सुनवाई 25 मई को निर्धारित की गई है। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अभी तक इन खिलाड़ियों के खिलाफ किसी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की घोषणा नहीं की है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में बदलाव
वर्तमान में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड प्रशासनिक पुनर्गठन के दौर से गुजर रहा है। इस प्रक्रिया में पिछले पदाधिकारियों को हटाने के बाद एक ‘ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी’ का गठन किया गया है। पूर्व सांसद एरन विक्रमरत्ने को इस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस विवाद में शामिल व्यक्ति
दीगर बात यह है कि ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के सदस्यों में पूर्व क्रिकेटर कुमार संगकारा का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही रोशन महानामा और सिदाथ वेट्टिमुनी भी इस समिति का हिस्सा हैं, जिससे संभावना है कि यह समिति आने वाले समय में इन खिलाड़ियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर सकती है।
